धारा लक्ष्य समाचार पत्र कुलदीप शर्मा के.के.
हैदरगढ़, बाराबंकी। तहसील बार एसोसिएशन हैदरगढ़ के संयुक्त प्रशासन मंत्री अधिवक्ता महावीर सिंह बृहस्पतिवार को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बछरावां चौराहे के पास हुए सड़क हादसे में उनका वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें उनके पैर में गंभीर चोट आई तथा शरीर के कई हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और साथियों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही तहसील बार एसोसिएशन हैदरगढ़ के अधिवक्ताओं एवं शुभचिंतकों में चिंता का माहौल व्याप्त हो गया। कई अधिवक्ता साथी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेने पहुंचे तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि महावीर सिंह लंबे समय से अधिवक्ताओं के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनके दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से अधिवक्ता समाज में दुख और चिंता व्याप्त है।
