धारा लक्ष्य समाचार रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
गुरबख्शगंज/रायबरेली। थाना क्षेत्र के गन्ना कांटा के पास रविवार को तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार हाजीपुर पोस्ट अंतर्गत पूरे यदुनाथ सिंह का पुरवा निवासी सोनू (16) पुत्र स्वर्गीय अमर बहादुर अपने साथी शुभम (15) पुत्र राकेश कुमार निवासी मकरईली के साथ बाइक से गुरबख्शगंज गया था।
लौटते समय पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।राहगीरों की सूचना पर दोनों को सीएचसी जतुआ टप्पा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. जितेंद्र कुमार ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। घायल शुभम का उपचार जारी है।परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले ही सोनू के पिता का निधन हुआ था।
अब बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों में नाराजगी भी है।
