Sitapur UP: सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, सात तहसीलों में 527 शिकायतें दर्ज

सिधौली में डीएम, एसपी और विधायक ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मौके पर 64 शिकायतों का निस्तारण, शेष मामलों के समाधान के लिए तय की गई समयसीमा

धारा लक्ष्य समाचार 

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जनपद की सभी सात तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। तहसील सिधौली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विधायक मनीष रावत, जिलाधिकारी राजागणपति आर तथा पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने एक-एक शिकायत का परीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेकर मौके पर पहुंचकर जांच करने और वास्तविक समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े मामलों का तेजी से निस्तारण किया जाए ताकि पात्र लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण समाधान होना चाहिए।

जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतकर्ता की समस्या का सही तरीके से समाधान न होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। इस दौरान उपजिलाधिकारी सिधौली, मुख्य चिकित्साधिकारी अनूप श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में सबसे अधिक 277 शिकायतें तहसील सिधौली में प्राप्त हुईं, जिनमें से 35 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं तहसील सदर में 63 में से 6, बिसवां में 38 में से 7, लहरपुर में 56 में से 6, महमूदाबाद में 34 में से 4, महोली में 21 में से 2 तथा मिश्रिख में 38 में से 4 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। शेष प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Related posts