Raybareli News: ओवरटेक को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत, मारपीट और तोड़फोड़, आठ नामजद समेत कई पर मुकदमा

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के चंदापुर चौराहे के पास वाहन ओवरटेक करने को लेकर शुक्रवार शाम दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से आठ नामजद समेत करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार पूरे चिरैंधा निवासी प्रमोद अपने साथी बृजेश के साथ कार से पहरेमऊ स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री जा रहे थे। शाम करीब छह बजे चंदापुर चौराहे के पास बाइक सवार कमलेश, रामफल और एक महिला से ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान दोनों ओर से कई लोग मौके पर पहुंच गए और प्रमोद की कार में तोड़फोड़ कर दी गई।

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला कुछ समय के लिए शांत हो गया, लेकिन रात करीब नौ बजे एक पक्ष के लोग दोबारा मौके पर पहुंचे और फिर से हंगामा करते हुए कार व बाइक में तोड़फोड़ की। घटना के बाद हल्का दरोगा दिनेश गोस्वामी की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस ने एक पक्ष से कमलेश, अजय, रेखा, बलराम और ईश्वर देई समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष से प्रमोद, बृजेश और शिवम सहित अन्य अज्ञात लोगों पर भी मुकदमा कायम किया गया है।प्रभारी कोतवाल देवेंद्र भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts