जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।जगतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। जिगना कोल्ड स्टोर के पास टीन शेड डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान मजदूर लोहे का पाइप खड़ा कर रहे थे, तभी पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। करंट उतरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और तीन मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में पूरे बैंसन निवासी सुल्तान (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नन्हू (35) और कुलदीप (27) गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों घायलों को बचाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जगतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
