रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 21 नवंबर। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने शनिवार को विकासखंड महराजगंज के लोधवामऊ स्थित साधन सहकारी समिति और धान क्रय केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों को खाद की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और धान खरीद की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
साधन सहकारी समिति के निरीक्षण के दौरान डीएम ने केंद्र पर उपलब्ध यूरिया एवं एनपीके खाद की स्थिति, वितरण व्यवस्था तथा किसानों को खाद प्राप्त करने में हो रही सुविधा के बारे में जानकारी ली। समिति प्रभारी ने बताया कि केंद्र पर यूरिया और एनपीके पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद वितरित की जा रही है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसानों को खाद के लिए परेशान न होना पड़े। मांग के अनुरूप उर्वरकों की उपलब्धता बनाए रखने के साथ वितरण व्यवस्था को सुचारु रखा जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके।
इसके बाद डीएम ने धान क्रय केंद्र का निरीक्षण कर धान खरीद की प्रक्रिया, अब तक हुई खरीद और किसानों को किए गए भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अभिलेखों का अवलोकन कर खरीद व्यवस्था की समीक्षा की।डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से धान की खरीद नियमानुसार, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से की जाए।
खरीदे गए धान का भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर किसानों के खातों में भेजा जाए। साथ ही क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न होने दी जाए।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम महराजगंज आयुष अग्रवाल, जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमलेश कुमार पाण्डेय, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
