बिना कमर्शियल पास के सड़कों पर दौड़ रहीं मानक विहीन ट्रैक्टर-ट्रालियां, हादसे का खतरा, जिम्मेदार मौन

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। लोनी कटरा थाना क्षेत्र में इन दिनों बिना कमर्शियल पास और बिना मानक के ट्रैक्टर-ट्रालियों का आतंक चरम पर है। सड़कों पर लकड़ी से ओवरलोड दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रालियां बेखौफ दौड़ रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी सब कुछ देखकर भी मौन बैठे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर सुबह से लेकर देर शाम तक लकड़ी लदी ट्रालियां फर्राटा भरती नजर आती हैं। इन ट्रालियों में क्षमता से कई गुना अधिक लकड़ी लादी जाती है। न तो इनमें रिफ्लेक्टर लगे होते हैं, न ही पीछे नंबर प्लेट साफ दिखती है और न ही चालकों के पास कमर्शियल परमिट होता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरलोड ट्रालियों के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। संकरी सड़कों पर जब ये ट्रालियां निकलती हैं, तो बाइक सवार और पैदल राहगीरों को जान बचाकर भागना पड़ता है। कई बार लकड़ी के गिरने से हादसा होते-होते बचा है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इन ट्रालियों पर कोई रोक-टोक नहीं है।

परिवहन विभाग और पुलिस की अनदेखी के चलते ट्राली मालिकों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाकर बिना परमिट और ओवरलोड ट्रालियों पर कार्रवाई की जाए।

लोगों का सवाल है कि आखिर कब तक अधिकारी हादसे का इंतजार करेंगे? क्या किसी बड़ी घटना के बाद ही प्रशासन की नींद टूटेगी?

Related posts