जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने से पहले क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने अपना कार्यकाल बढ़ाने तथा वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किए जाने की मांग तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को विकास खंड महराजगंज के ग्राम प्रधानों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर महामहिम राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार सत्यराज को सौंपा।प्रधान संघ अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंचे ग्राम प्रधानों ने बताया कि ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है।
ऐसे में यदि पंचायतों में प्रशासक नियुक्त किए जाते हैं तो वर्तमान ग्राम प्रधानों को ही यह जिम्मेदारी दी जाए, ताकि गांवों में चल रहे विकास कार्य प्रभावित न हों और योजनाओं का संचालन सुचारु रूप से जारी रह सके।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान प्रधान गांव की समस्याओं, विकास योजनाओं और स्थानीय आवश्यकताओं से भली-भांति परिचित हैं। नए प्रशासकों की नियुक्ति होने पर विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हो सकती है। ग्राम प्रधानों ने सरकार से मांग की कि पंचायत चुनाव संपन्न होने तक मौजूदा प्रधानों को ही प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी जाए।
इस दौरान ग्राम प्रधानों ने नायब तहसीलदार सत्यराज से मुलाकात कर अपनी मांगों को विस्तार से रखा। प्रधानों ने कहा कि गांवों के विकास और जनहित को ध्यान में रखते हुए सरकार को शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।ज्ञापन सौंपने वालों में संतलाल लोधी, सत्रोहन लोधी, सुनील मौर्य, दिलीप तिवारी, रणविजय सिंह, अत्रिकांत द्विवेदी, रोहिताश सिंह उर्फडब्बू,
गंगासागर पांडेय, अंजनी कुमार गुप्ता, उमेश कुमार उर्फ कुन्नू, कृष्णलली, हरिश्चंद्र मौर्य, संगीता देवी, गीत, रमेश मौर्य, जंग बहादुर यादव, नीरज कुमार, दीपू पासी, राजेश सिंह, बृजेश कुमार, रामकली, गीता, राम केवल तिवारी, दुजई, प्रदीप लोधी, विनोद धोबी, केशव चौधरी, गुड्डू सिंह, अमरेश कुमार, मनोज मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
