राही ब्लाक सभागार में सूचना विभाग की प्रदर्शनी का डीएम सरनजीत कौर ब्रोका ने किया उद्घाटन, किसानों को मिलेंगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 2 जून 2026। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन मंगलवार को जिलाधिकारी सरनजीत कौर ब्रोका ने किया। राही ब्लॉक परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ दोपहर करीब 12 बजे किया गया।प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी पोस्टर, बैनर और प्रचार सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित की गई है
। इसका उद्देश्य किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलाना है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रह जाएं।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और इसके लिए जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि यह प्रदर्शनी आगामी 4 जून तक राही ब्लॉक परिसर में संचालित रहेगी। प्रदर्शनी में आने वाले किसानों एवं ग्रामीणों को कृषि, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार समय-समय पर इस प्रकार की प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाता है, जिससे क्षेत्र के किसानों और आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सके तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रदर्शनी के माध्यम से लाभार्थियों को योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया और पात्रता संबंधी जानकारी भी दी जा रही है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
