जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली से
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिले में बाबाओं और व्यापारियों के साथ बढ़ रही मारपीट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर शुक्रवार को ऑल इंडिया उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष जीसी सिंह चौहान के नेतृत्व में पीड़ितों ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की।जीसी सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि डीह और नसीराबाद थाना क्षेत्रों में लगातार घटनाएं हो रही हैं।
बाबाओं और व्यापारियों के साथ मारपीट तथा चोरी की वारदातों की जानकारी कई बार पुलिस अधिकारियों को दी गई, लेकिन शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की समस्याएं लगातार नजरअंदाज की जा रही हैं, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो सोमवार को शहीद स्थल पर धरना दिया जाएगा।
इसके बाद शाम चार बजे साथियों के साथ मुख्यमंत्री आवास की ओर पैदल मार्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली सरकार की छवि को नुकसान पहुंचा रही है।
