धारा लक्ष्य समाचार पत्र
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। जीएसटी विभाग की सचल टीम ने बुधवार सुबह शहर के त्रिपुला चौराहे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अनुबंधित एसी बस से लाखों रुपये मूल्य का संदिग्ध सामान बरामद किया। प्रारंभिक जांच में सामान के साथ आवश्यक जीएसटी दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके बाद विभाग ने पूरे माल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर जीएसटी विभाग की सचल टीम ने सुबह करीब 9 बजे आगरा से लखनऊ जा रही एक अनुबंधित एसी बस को त्रिपुला चौराहे पर रोककर जांच की। जांच के दौरान बस के सामान रखने वाले हिस्से से बड़ी मात्रा में माल बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि यह सामान दिल्ली से लाया गया था और इसके परिवहन से संबंधित वैध जीएसटी अभिलेख उपलब्ध नहीं थे।
सचल दल की प्रभारी सलोनी ने बताया कि मामले में लाखों रुपये की संभावित जीएसटी चोरी की आशंका है। विभाग ने सामान को अपने कब्जे में लेकर उसकी कीमत, स्वामित्व और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
