धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। जनपद के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मंझूपुर गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम करने गए मां-बेटा 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान बेटे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंझूपुर गांव निवासी शिवा (25 वर्ष) पुत्र सुखाई अपनी माता सूरसती देवी के साथ खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान खेत में बिजली का तार जमीन पर पड़ा दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि सूरसती देवी तार को हटाने का प्रयास कर रही थीं, तभी वह अचानक करंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं।
मां को तड़पता देख उन्हें बचाने के लिए दौड़े शिवा भी करंट की चपेट में आ गए। हाई वोल्टेज करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों को करंट से अलग कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान शिवा की मौत हो गई, जबकि सूरसती देवी का उपचार जारी है। शिवा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि शव गांव पहुंचने के बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ सकता है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर और नीचे लटके विद्युत तार हादसों को न्योता दे रहे हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
कुछ ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान भुइयादीन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में जेसीबी से खुदाई कराए जाने के दौरान बिजली का खंभा झुक गया था, जिससे हाईटेंशन लाइन नीचे आ गई थी। यदि समय रहते खंभे और तारों की मरम्मत कर दी जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता तथा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मंझूपुर गांव में हुई इस घटना ने बिजली व्यवस्था की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
