Haidargadh barabanki news: तहसील हैदरगढ़ में अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन जारी, एसडीएम के स्थानांतरण की उठाई मांग

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

हैदरगढ़, बाराबंकी। तहसील हैदरगढ़ में अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। तहसीलदार संगठन एवं बार के अधिवक्ताओं ने उप जिलाधिकारी हैदरगढ़ राजेश विश्वकर्मा की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताते हुए उनके स्थानांतरण की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि उप जिलाधिकारी द्वारा न्यायिक एवं राजस्व संबंधी पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण नहीं किया जा रहा है, जिससे वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायालय में नियमित रूप से कार्य नहीं हो रहा है तथा कई महत्वपूर्ण मामलों में आदेश लंबित पड़े हैं।

अधिवक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि उप जिलाधिकारी कार्यालय में बैठकर कार्य करने के बजाय आवास पर ही पत्रावलियों का निस्तारण कर रहे हैं, जिससे न्यायिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की कार्यप्रणाली से आम जनता और वादकारियों का विश्वास प्रभावित हो रहा है।

धरना स्थल पर मौजूद अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती और उप जिलाधिकारी का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

तहसीलदार संगठन के अध्यक्ष रामअचल मिश्रा एवं महामंत्री सुनील त्रिवेदी के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है और उसकी उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी बाराबंकी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई करने की मांग की। वहीं प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।

Related posts