धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष Om Prakash Rajbhar एवं राष्ट्रीय महासचिव Dr. Arvind Rajbhar की संस्तुति पर हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चौबीसी गांव निवासी पंडित राजेश तिवारी को बाराबंकी जिले का कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
यह मनोनयन राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अरविंद राजभर द्वारा एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान हजारों कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की मौजूदगी में मंच से घोषित किया गया। जैसे ही राजेश तिवारी के नाम की घोषणा हुई, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
नवनियुक्त कार्यवाहक जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव के साथ करेंगे तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी। इस मनोनयन पर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
