बंद घर में फंदे से लटका मिला पंचायत मित्र का शव, जांच में जुटी पुलिस।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

सरेनी, रायबरेली। सरेनी थाना क्षेत्र के भीटा गांव में सोमवार को पंचायत मित्र विवेक कुमार बाजपेई (40) का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक का पत्नी से काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।बताया गया कि विवेक कुमार घर में अकेले रहते थे। सोमवार सुबह उन्होंने धान कटाई के लिए कंबाइन ऑपरेटर को बुलाया था।

फोन नहीं उठने पर ऑपरेटर उनके घर पहुंचा। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला तो उसने अंदर झांककर देखा, जहां आंगन में लोहे के जाल से साड़ी के सहारे विवेक का शव लटका दिखाई दिया।

ऑपरेटर ने पंचायत मित्र नीरज सिंह को सूचना दी। इसके बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी गई। मृतक के माता-पिता के पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने दरवाजा खुलवाया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों के अनुसार, विवेक की पत्नी प्रज्ञा अपने सात वर्षीय बेटे ध्रुव के साथ करीब डेढ़ महीने से मायके में रह रही थी। पति-पत्नी के बीच विवाद की बात भी सामने आई है। हालांकि, मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related posts