जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव में सोमवार रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। गांव स्थित पानी की टंकी के पास चारपाई पर सो रहे एक अधेड़ की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार, बछरावां निवासी राम सजीवन सोमवार रात पानी की टंकी के बाहर चारपाई पर सो रहे थे।
देर रात अज्ञात बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।मृतक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव और आसपास के क्षेत्रों में हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
हत्यारों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।
