जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र अंतर्गत उस समय हड़कंप मच गया जब पीछे के दरवाजे से घुसकर अज्ञात चोरों ने सोने चांदी के जेवरात समेत नगदी लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।मिली जानकारी अनुसार पश्चिम गांव निवासी सायरा बानो पत्नी स्वर्गीय अब्दुल सुल्तान के अनुसार रविवार रात वह अपनी बेटी समीर बानो और उसके बच्चों के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रही थीं।
इसी दौरान अज्ञात चोर घर के पीछे पहुंचे और पिछली दीवार पर लगे दरवाजे के पास की ईंटें निकालकर दरवाजे की कुंडी खोल दी। फिर चोर घर में प्रवेश कर गये। कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया। पीड़िता के मुताबिक चोर बक्से में रखी 40 हजार रुपये की नकदी तथा करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण उठा ले गए हैं। सोमवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा मिला और बक्से का ताला टूटा हुआ था।
चोरी की जानकारी होते ही परिवार के होश उड़ गए।घटना की सूचना पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इस बाबत थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है।
