Chandigadh hariyana News: नई स्थानांतरण नीति लागू होने तक रोडवेज कर्मचारियों को मिलेगा आपसी सहमति से तबादले का अवसर: अनिल विज

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

चंडीगढ़। हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने रोडवेज कर्मचारियों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नई स्थानांतरण नीति लागू किए जाने तक हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों को आपसी सहमति के आधार पर एक बार स्थानांतरण (ट्रांसफर) का अवसर दिया जाएगा। इस निर्णय से कर्मचारियों को अपनी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक परिस्थितियों के अनुसार कार्यस्थल चुनने में सुविधा मिलेगी।

परिवहन मंत्री श्री विज ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में यह फैसला लिया गया है ताकि नई स्थानांतरण नीति लागू होने तक कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा श्री विज ने प्रदेश की सभी रोडवेज कार्यशालाओं, डिपो एवं संबंधित कार्यालयों में कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने घोषणा की कि सभी कार्यस्थलों पर कर्मचारियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में पंखों की व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने हेतु वाटर कूलर लगाए जाएंगे।

महिला कर्मचारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी रोडवेज परिसरों में महिला एवं पुरुष कर्मचारियों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कर्मचारियों के कार्यस्थल का वातावरण बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं।

परिवहन मंत्री की इन घोषणाओं का रोडवेज कर्मचारियों और कर्मचारी संगठनों ने स्वागत किया है। कर्मचारियों का कहना है कि इससे न केवल उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि होगी बल्कि उन्हें बेहतर कार्य वातावरण भी प्राप्त होगा।

Related posts