Raybareli News: जमीन पर कब्जे और घूर डालने का आरोप, दर्जनभर महिलाओं ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

खीरों थाना क्षेत्र के अकोहरिया गांव का मामला, कार्रवाई न होने पर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं पीड़िताएं।

जिला रिपोर्टर  रोहित मिश्रा रायबरेली

Dhara Lakshya samachar

रायबरेली। जिले की लालगंज तहसील अंतर्गत खीरों थाना क्षेत्र के अकोहरिया गांव में जमीन विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गांव की दर्जनभर महिलाओं ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि कुछ दबंग किस्म के लोग उनकी भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं तथा जमीन पर घूर डालकर विवाद उत्पन्न कर रहे हैं। पीड़ित महिलाओं ने मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

महिलाओं का कहना है कि उनकी गाटा संख्या 142 की भूमि पर विपक्षी लगातार कब्जा करने की नीयत से घूर डाल रहे हैं। जब इसका विरोध किया जाता है तो आरोपी गाली-गलौज करने लगते हैं और जानमाल की धमकी भी देते हैं। इससे परिवार के लोग भय और तनाव के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।पीड़ित महिलाओं ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पहले उपजिलाधिकारी लालगंज तथा खीरों थाने में भी शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से निराश होकर वे अपने परिजनों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं और न्याय की गुहार लगाई।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विवादित भूमि पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है, जिससे भविष्य में किसी बड़े विवाद की आशंका बनी हुई है। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम भेजकर मौके की जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। बताया गया है कि मामले की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी गई है और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पूरे मामले में प्रशासनिक जांच की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है। अब देखना होगा कि जांच के बाद पीड़ित महिलाओं को न्याय मिल पाता है या नहीं और भूमि विवाद का समाधान किस प्रकार किया जाता है।

Related posts