मारपीट व छेड़छाड़ की शिकायत लेकर थाने पहुंची पीड़िता, मामले की जांच के निर्देश।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र के थोरी ग्राम सभा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक विधवा महिला ने स्थानीय पुलिस पर उसकी शिकायत को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि भूमि विवाद को लेकर उसके परिवार के साथ मारपीट की गई तथा उसकी पुत्री के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की घटना भी हुई, लेकिन थाना स्तर पर उसे अपेक्षित कार्रवाई नहीं मिली।
पीड़िता के अनुसार, भूमि विवाद को लेकर उसके रिश्तेदारों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। घटना में उसकी पुत्री भी घायल हुई। आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए जब वह अपने परिवार के साथ नसीराबाद थाने पहुंची तो वहां उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की गई। महिला का कहना है कि उसे थाने से निराश होकर लौटना पड़ा।
मामले में न्याय न मिलने पर पीड़िता अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि थाना स्तर पर उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके कारण उसे उच्च अधिकारियों की शरण लेनी पड़ी।इस संबंध में जब नसीराबाद थाना प्रभारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। वहीं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को मामले की जांच कर आवश्यक एवं विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं
।गौरतलब है कि प्रदेश सरकार द्वारा महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने के निर्देश लगातार जारी किए जाते रहे हैं। ऐसे में पीड़िता की शिकायत के बाद अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
