जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
लालगंज (रायबरेली)। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ठोकरा गांव के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब तेज रफ्तार डंपर सड़क पर अचानक आई भैंस को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते डंपर में आग लग गई और कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की लपटों से घिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय डंपर तेज गति से गुजर रहा था। तभी सड़क पर अचानक एक भैंस आ गई। चालक ने उसे बचाने के लिए वाहन मोड़ा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से डंपर सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते डंपर धू-धू कर जलने लगा।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आग की लपटें उठती देख चालक और क्लीनर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते डंपर से कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि चालक मामूली रूप से झुलस गया, जिसे सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
आग लगने से डंपर पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
