डीसीएम की टक्कर से ई-रिक्शा सवार दो युवक गंभीर, ट्रामा सेंटर रेफर

छरावां में हाईवे पर हुआ हादसा, स्थानीय लोगों और विधायक ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवगढ़ रोड बाईपास के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से ई-रिक्शा सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बछरावां पहुंचाया गया,

जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार, कस्बे के सत्यनारायण टोला निवासी रमाकांत पुत्र छेदालाल और मनीष पुत्र रामदीन ई-रिक्शा पर टेंट का सामान लेकर जा रहे थे।

इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार डीसीएम ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। मौजूद लोगों और स्थानीय विधायक श्याम सुंदर भारती ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, घायलों की सहायता के लिए विधायक श्याम सुंदर भारती द्वारा दिखाई गई सक्रियता की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं।

Related posts