ग्रामीण इंडोर स्टेडियम के सौंदर्याकरण की तैयारी तेज, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां रायबरेली। कस्बा स्थित ग्रामीण इंडोर स्टेडियम के सौंदर्याकरण एवं खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने स्टेडियम का निरीक्षण कर शासन को भेजे गए सौंदर्याकरण प्रस्ताव के संबंध में स्थलीय सत्यापन किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टेडियम में उपलब्ध खेल सुविधाओं, भवन की स्थिति तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन से स्वीकृति प्राप्त होने के बाद स्टेडियम में प्रस्तावित कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल अवसंरचना विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। स्टेडियम के सौंदर्याकरण से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपजिलाधिकारी महाराजगंज चंद्रप्रकाश गौतम, नगर पंचायत बछरावां के अधिशासी अधिकारी रामाशीष, हल्का लेखपाल संदीप सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts