नशे की दवाओं पर प्रशासन का शिकंजा, महराजगंज में छापेमारी से मेडिकल स्टोर संचालकों में मचा हड़कंप

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज रायबरेली। जिले में नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाओं (नारकोटिक्स) की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को औषधि निरीक्षक अरविंद कुमार ने पुलिस टीम के साथ कस्बे के मेडिकल स्टोरों पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई मेडिकल स्टोर संचालकों ने आनन-फानन में दुकानों के शटर गिरा दिए और मौके से चले गए,

जिससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।छापेमारी के दौरान औषधि निरीक्षक ने सर्वेश मेडिकल स्टोर और यादव मेडिकल स्टोर और गरिमा मेडिकल स्टोर का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान दवाओं के स्टॉक, अभिलेखों और एक्सपायरी डेट की बारीकी से जांच की गई। जांच में दोनों दुकानों पर कोई भी प्रतिबंधित नारकोटिक्स दवा नहीं मिली,

जिससे उन्हें राहत मिली।वहीं, कार्रवाई के दौरान दुकानें बंद कर मौके से चले गए मेडिकल स्टोर संचालकों को विभाग ने चिह्नित कर लिया है। औषधि निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि इन दुकानों की दोबारा जांच की जाएगी। यदि जांच में प्रतिबंधित दवाओं का भंडारण, बिक्री अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधित संचालकों के खिलाफ औषधि एवं नारकोटिक्स संबंधी प्रावधानों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं का कारोबार करने वालों में हड़कंप है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके और अवैध दवा कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Related posts