नवागत उप जिलाधिकारी अश्वनी प्रताप सिंह व तहसीलदार मालेन्दू भूषण वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ संपूर्ण समाधान दिवस

धारा लक्ष्य सामाचार पत्र 

हैदरगढ़ (बाराबंकी), 18 जुलाई। तहसील हैदरगढ़ में शनिवार को नवागत उप जिलाधिकारी अश्वनी प्रताप सिंह एवं नवागत तहसीलदार मालेन्दू भूषण वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुनने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया तथा प्राप्त शिकायतों के निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़, खंड विकास अधिकारी हैदरगढ़, खंड विकास अधिकारी त्रिवेदीगंज, खंड शिक्षा अधिकारी त्रिवेदीगंज सहित तहसील एवं विकास खंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समाधान दिवस के दौरान फरियादियों ने राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, आवास, सड़क, पेंशन तथा अन्य विभागों से संबंधित कुल 57 शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।

प्राप्त शिकायतों में से दो प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित फरियादियों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए प्रेषित किया गया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अश्वनी प्रताप सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, हीलाहवाली अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आम जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

नवागत तहसीलदार मालेन्दू भूषण वर्मा ने भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता को त्वरित न्याय एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान दिवस के सफल आयोजन से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर प्राप्त हुआ।

Related posts