शिक्षिका पर छात्रा की पिटाई का आरोप, कान में चोट लगने से परिजनों ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

रायबरेली। बहरावां कस्बे में एक छात्रा की मां ने स्कूल की शिक्षिका पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाना बहरावां में शिकायत दी है। पीड़िता का कहना है कि उसकी 13 वर्षीय बेटी स्थानीय एक निजी स्कूल में पढ़ती है, जहां शिक्षिका द्वारा कई बार मारपीट की गई है।शिकायत के अनुसार, पूर्व में हुई पिटाई के कारण छात्रा के कान का पर्दा फट गया था, जिसके उपचार में परिवार का लगभग 20 हजार रुपये खर्च हुआ।

परिजनों का आरोप है कि उन्होंने स्कूल प्रशासन को पहले ही बच्ची के कान की समस्या से अवगत कराया था और कान पर चोट न करने का अनुरोध भी किया था।आरोप है कि 29 जुलाई को शिक्षिका ने छात्रा को फिर से पीट दिया, जिससे उसके कान में दोबारा दर्द शुरू हो गया। परिजनों का यह भी कहना है कि शिक्षिका ने छात्रा से आपत्तिजनक टिप्पणी भी की।मामले की शिकायत लेकर जब छात्रा की मां 30 जुलाई को स्कूल पहुंची तो शिक्षिका द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करने और बेइज्जत करने का आरोप लगाया गया।

इसके बाद महिला ने डायल 112 पर सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची।

पीड़िता ने थाना बहरावां में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर शिक्षिका के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Related posts