जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। विकास खंड सलोन सभागार में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के तत्वावधान में माटीकला स्थापना पखवाड़ा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सलोन विधायक अशोक कुमार ने 10 लाभार्थियों को माटीकला कारीगर पंजीकरण प्रमाणपत्र वितरित करते हुए पारंपरिक माटीकला को प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। शिविर में माटीकला एवं हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों, लाभार्थियों और ग्रामीणों को माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार से जुड़ने की अपील की।विधायक अशोक कुमार ने कहा कि आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं के सहयोग से कारीगर अपने उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ बेहतर बाजार भी हासिल कर सकते हैं।
इससे उनकी आय में वृद्धि होगी और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगे।शिविर में कारीगरों को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक माटीकला को संरक्षित करते हुए इसे रोजगार का मजबूत माध्यम बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन एस.एस. पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संतोष गौतम, उपजिलाधिकारी सलोन अंकित कुमार, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड, जिला अग्रणी प्रबंधक, खंड विकास अधिकारी शशि कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, माटीकला से जुड़े कारीगर, लाभार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
