चोरी की बिजली केबल के साथ वांछित आरोपी गिरफ्तार

जिला रिपोर्टर रोहित

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। कोतवाली नगर पुलिस ने चोरी की बिजली केबल मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 5 मीटर बिजली की मोटी केबल बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 25/26 अप्रैल 2026 की रात अर्पित विद्युत परियोजना के तहत अंडरग्राउंड लाइन बिछाने के लिए चंपा देवी मंदिर अंडरपास के पास रखी 33 केवी लाइन की केबल चोरी कर ली गई थी। संविदाकर्मी रमेश कुमार उर्फ रितेश को सूचना मिली कि कुछ लोग हाइड्रा की मदद से केबल को दो ट्रकों में लोड कर ले जा रहे हैं। सूचना पर विद्युत विभाग के एसडीओ सौरभ जायसवाल व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। त्रिपुला के पास दोनों ट्रकों को रोककर जांच की गई, जिनमें चोरी की केबल लदी मिली।

पूछताछ में ट्रक चालकों ने बताया कि केबल हरचंदपुर थाना क्षेत्र के हिलागी गांव निवासी संजय पासी ने अपने साथियों के साथ लोड कराई थी, जबकि वह मौके से फरार हो गया था।इस मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 100/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान 30 जुलाई 2026 को कोतवाली नगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्रिपुला चौराहे के पास से वांछित आरोपी संजय पासी पुत्र स्व. जगजीवन राम, निवासी ग्राम हिलागी, थाना हरचंदपुर, जनपद रायबरेली को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से करीब 5 मीटर बिजली की मोटी केबल बरामद हुई।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस तथा विद्युत अधिनियम की धारा 136 की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हरचंदपुर और कोतवाली नगर थानों में मारपीट, धमकी व चोरी समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

Related posts