पेट में तेज दर्द उठने के बाद बिगड़ी हालत, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित किया
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के कैर गांव में शुक्रवार शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान कोमल पत्नी अनिल गुप्ता के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मिल एरिया थाना क्षेत्र के संदी नागिन गांव निवासी कोमल की शादी करीब पांच माह पहले 21 मार्च को कैर गांव निवासी अनिल गुप्ता के साथ हुई थी।
शुक्रवार शाम कोमल घर में काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसके पेट में तेज दर्द उठा और उसकी हालत बिगड़ गई।परिजनों ने आनन-फानन एंबुलेंस की मदद से कोमल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महराजगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. अनिल भारद्वाज ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नवविवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
