मूसलाधार बारिश में डीएम कार्यालय पहुंचा पीड़ित, मां संकटा धाम मंदिर से करोड़ों की संपत्ति गायब होने का लगाया आरोप।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार को एक युवक भीगते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और मां संकटा धाम मंदिर से कथित रूप से बहुमूल्य घंटों व आभूषणों के गायब होने की शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।सरेनी थाना क्षेत्र के गेगासों स्थित प्रसिद्ध मां संकटा धाम मंदिर के संबंध में शिकायतकर्ता अपूर्व शुक्ला ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि मंदिर की बहुमूल्य संपत्ति को सुनियोजित तरीके से गायब किया गया है।

उन्होंने मामले में देशराज यादव, हल्का लेखपाल नीरज कुमार तथा मंदिर ठेकेदार कुलदीप उर्फ सोनू मिश्रा का नाम लेते हुए उच्च स्तरीय जांच कर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि मां संकटा धाम प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उनके अनुसार वर्ष 2024 की नीलामी के समय मंदिर में लगभग 58 कुंतल से अधिक पीतल के घंटे, सोने का छत्र, सीतारामी हार, चांदी का मुकुट सहित अन्य बहुमूल्य आभूषण मौजूद थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।

आरोप है कि अब यह सामान मंदिर से गायब है।प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मामले की शिकायत पहले भी कई अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई की गई।

शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

बारिश के बीच जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे पीड़ित ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।

Related posts