जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जनपद के हथगाम थाना क्षेत्र के मऊपारा गांव निवासी उत्तम सिंह पुत्र रवींद्र सिंह अपने एक साथी के साथ पल्सर मोटरसाइकिल से रायबरेली की ओर से प्रयागराज जा रहे थे। शुक्रवार दोपहर करीब 1:15 बजे भदोखर थाना क्षेत्र के जमालपुर नानकारी ओवरब्रिज के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक उत्तम सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठा साथी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही भदोखर थाना प्रभारी राकेश चंद्र आनंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
