जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गोरा बाजार चौराहे पर शनिवार को तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने सवारियों से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि ऑटो में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में ऑटो चालक मनीष समेत कई यात्री घायल हो गए।
टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अर्टिगा कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चौराहे पर ऑटो से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
