जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। रविवार को थाना महाराजगंज क्षेत्र की दो ग्राम सभाओं में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत ऑपरेशन मजनू के अंतर्गत बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल का आयोजन किया गया। मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
मिशन शक्ति टीम ने ग्राम सारीपुर तथा बाबू सिंह का पुरवा मजरे पाली में आयोजित चौपाल में महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। टीम ने बताया कि महिला सुरक्षा के लिए 1090, पुलिस सहायता के लिए 112, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 108 और 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930, अग्निशमन सेवा के लिए 101 तथा बच्चों की सहायता के लिए 1098 पर संपर्क किया जा सकता है।
महिलाओं को विशेष रूप से 1090 महिला हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए बताया गया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। टीम ने महिलाओं को किसी भी समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन तथा मातृशक्ति वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। टीम ने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना तथा आवश्यक सहायता के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक लाल जी यादव, महिला मुख्य आरक्षी गीता सिंह, आरक्षी अर्जुन सिंह, रिक्रूट आरक्षी अशोक कुमार, महिला आरक्षी ज्योति तथा रिक्रूट महिला आरक्षी सांवली राठौर मौजूद रहीं। टीम ने दोनों स्थानों पर कार्यक्रम संपन्न कराया।
