यूपी डीएलएड प्रवेश परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को मिशन शक्ति के तहत किया जागरूक

महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात नियमों की दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बाराबंकी, 23 सितंबर। मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा, साइबर अपराध एवं यातायात जागरूकता को लेकर आदर्श कोतवाली नगर पुलिस द्वारा जमील-उर-रहमान इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, बाराबंकी में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में यूपी डीएलएड प्रवेश परीक्षा में शामिल होने आए विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा एवं सम्मान के साथ-साथ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने कार्यक्रम आयोजित किया।

मिशन शक्ति टीम में महिला उपनिरीक्षक किरण देवी, महिला आरक्षी प्रीती तिवारी एवं रिक्रूट महिला आरक्षी निर्मल शुक्ला ने विद्यार्थियों को घरेलू हिंसा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र तथा यातायात नियमों के बारे में भी जागरूक किया गया।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। इनमें 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा तथा 102 स्वास्थ्य सेवा प्रमुख हैं।

इस दौरान सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, जैसे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वृद्धावस्था पेंशन एवं विधवा पेंशन आदि के संबंध में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। इस पर किसी भी व्यक्ति द्वारा कोई समस्या नहीं बताई गई। पुलिस ने सभी से महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की।

Related posts