अखिलेश यादव के दौरे पर बोले कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय, जनता ही तय करती है लोकतंत्र का अंतिम फैसला।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित रायबरेली दौरे से पहले प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने विपक्ष पर निशाना साधा। अपने निजी आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों और नेताओं को कहीं भी जाने और अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन विपक्ष को उन मुद्दों पर भी मुखर होना चाहिए था।

जब युवाओं और प्रतियोगी छात्रों से जुड़े गंभीर विषय सामने आए थे।डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कानून-व्यवस्था और माफिया गतिविधियों को लेकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग अभी भी “मुंगेरी लाल के सपने” देख रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने आतंकवाद और नक्सलवाद के मुद्दे पर केंद्र सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और विकास के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि बदले की राजनीति लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता के जनादेश से होता है और वही सर्वोपरि है।

Related posts