जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
ऊंचाहार-रायबरेली।कानून-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस की गाड़ी ही बीच रास्ते जवाब दे गई तो खाकी को स्थानीय लोगों का सहारा लेना पड़ा। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में पुलिस वाहन खराब होने के बाद चौकीदार और दुकानदार गाड़ी को धक्का लगाते नजर आए। इसका वीडियो सामने आने के बाद मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि पुलिस वाहन अचानक रास्ते में खराब हो गया। काफी कोशिश के बाद भी जब गाड़ी आगे नहीं बढ़ी तो मौके पर मौजूद चौकीदार और स्थानीय दुकानदार मदद के लिए आगे आए। इसके बाद लोगों ने मिलकर पुलिस वाहन को धक्का लगाया और उसे आगे बढ़ाया।सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
कोई इसे पुलिस की मजबूरी बता रहा है तो कोई सरकारी वाहनों के रखरखाव पर सवाल उठा रहा है। सवाल यह भी है कि जब पुलिस को किसी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचना हो और उसी समय सरकारी वाहन रास्ते में जवाब दे दे, तो कानून-व्यवस्था संभालने वाली टीम की स्थिति क्या होगी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस वाहनों की नियमित सर्विसिंग और तकनीकी जांच पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए। आखिर पुलिस की गाड़ी का काम लोगों से धक्का लगवाना नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर बिना रुके मौके पर पहुंचना है।
