सलोन विधायक अशोक कोरी ने सुनीं समस्याएं, बोले-जनता को नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली/सलोन। जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर सलोन विधायक अशोक कोरी ने अपने आवास पर जनता दरबार लगाया। सुबह से ही क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से फरियादियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। किसी ने सड़क की बदहाली का दर्द सुनाया तो किसी ने बिजली, पानी, राजस्व और पुलिस से जुड़ी शिकायतें विधायक के सामने रखीं ।
फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से तत्काल फोन पर बात की और जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।विधायक अशोक कोरी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है।
आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ समय से मिले और शिकायतों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण किया जाए।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। विधायक के सामने सीधे शिकायत रखने और मौके से ही अधिकारियों को निर्देश मिलने से फरियादियों में भी कार्रवाई की उम्मीद जगी।
