रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली। नगर पंचायत महराजगंज में नामित सभासदों के शामिल होने के बाद शुक्रवार को बोर्ड की पहली बैठक नगर पंचायत अध्यक्ष सरला साहू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब एक करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों पर सहमति बनी। सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए आवश्यक कार्य जल्द शुरू कराने की मांग रखी।
बैठक में जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए नाला निर्माण, इंटरलॉकिंग एवं सीसी रोड सहित अन्य जरूरी विकास कार्य कराने पर चर्चा हुई। बोर्ड सदस्यों ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है, ऐसे में नाली और जल निकासी के कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए नगर में विशेष सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। पर्व के दौरान नगरवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में शासन की दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर योजना और मुख्यमंत्री सृजन योजना के तहत नगर में विकास कार्य कराने पर भी विशेष चर्चा हुई। इन योजनाओं के अंतर्गत करीब एक करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से सड़क, नाली, जल निकासी सहित अन्य जनहित के कार्य कराए जाने का प्रस्ताव रखा गया।
बैठक में नामित सभासद विजय कुमार धीमान, अनुपमा पांडेय और सूर्य प्रकाश वर्मा के अलावा सभासद राजकुमारी, जमुना प्रसाद, मुस्ताक, रायनी, नुरुल हसन, धर्मेंद्र वर्मा, विनीत वैश्य, आफरीन, उषा त्रिपाठी, रामकुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। नगर पंचायत के लिपिक रामचंद्र बाबू समेत संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष सरला साहू ने कहा कि नगर का समुचित विकास और लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सभी वार्डों की जरूरतों के आधार पर सड़क, नाली, जल निकासी, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य कराए जाएंगे।
