रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली। थाना क्षेत्र के कैर गांव स्थित बड़े बाबा के स्थान पर करीब एक दशक से पूजा-अर्चना और सेवा में जुटे ब्रह्मचारी बाबा की शुक्रवार तड़के सर्पदंश से मौत हो गई। मंदिर परिसर में हुई इस घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे ब्रह्मचारी बाबा मंदिर परिसर में मौजूद थे।
इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उनके बाएं पैर के निचले हिस्से में डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और शरीर पर जहर का असर दिखाई देने लगा।
सुबह मंदिर के समीप स्थित खेत की रखवाली करने पहुंचे किसान धर्मेंद्र यादव को बाबा ने इशारे से अपने पास बुलाया और सांप के काटने की जानकारी दी। इसके बाद घटना की सूचना ग्रामीणों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में पहुंच गए।ग्रामीणों ने आनन-फानन एंबुलेंस की मदद से ब्रह्मचारी बाबा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि बाबा पिछले करीब 10 वर्षों से बड़े बाबा के स्थान पर रहकर निस्वार्थ भाव से पूजा-पाठ और मंदिर की सेवा कर रहे थे।
बाबा की अचानक हुई मौत से कैर गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
