मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले अलर्ट मोड में पुलिस प्रशासन।

आईजी रेंज ने पार्किंग स्थल का किया निरीक्षण, अधिकारियों संग बैठक में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी 24 अगस्त के संभावित रायबरेली दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों ने तैयारियों की कमान संभाल ली है। इसी क्रम में शुक्रवार को आईजी रेंज किरण यश राय रायबरेली पहुंचे और विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आईजी रेंज ने जीआईसी परिसर में बनाए जा रहे पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, वाहनों के आवागमन तथा सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी रवि कुमार समेत पुलिस विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे।

इसके बाद आईजी रेंज ने पुलिस कार्यालय स्थित किरण हाल में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, रूट व्यवस्था और अन्य तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। आईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कर लिया जाए।

बैठक में आगामी त्योहारों को लेकर भी कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। आईजी रेंज ने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

Related posts