रसोइयों को मिला ‘स्वास्थ्य सुरक्षा कवच’, कैशलेस चिकित्सा कार्ड से इलाज की राह आसान।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत रसोइयों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को अब कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जोड़ा जा रहा है। इससे रसोइयों और उनके परिवारों को बीमारी की स्थिति में इलाज के खर्च की चिंता से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

रविवार को तहसील सभागार महराजगंज में रसोइया सम्मान समारोह एवं राज्यस्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों को सांकेतिक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित कर इस सुविधा का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कैशलेस चिकित्सा कार्ड रसोइयों के लिए मुश्किल वक्त में बड़ा सहारा साबित होगा। बीमारी के समय इलाज के लिए होने वाले आर्थिक खर्च से उन्हें राहत मिलेगी और वे बेहतर चिकित्सा सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरुआत से रसोइयों में भी उत्साह देखने को मिला।

उपस्थित रसोइयों ने सरकार के इस फैसले पर खुशी जताते हुए इसे अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।इस अवसर पर भाजपा नेता सत्येंद्र प्रताप सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू, खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव, एआरपी अंकित गुप्ता, शिक्षक दिनेश शुक्ला, उमेश गुप्ता समेत शिक्षा विभाग के कर्मचारी और क्षेत्र के सैकड़ों रसोइये मौजूद रहे।

Related posts