रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार डीह थाना क्षेत्र के पूरे काली मजरे रोखा निवासी भोला सोमवार सुबह करीब सवा नौ बजे घर से शौच के लिए डीह रजबहा नहर के पास गया था।
इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के बीच आकाशीय बिजली सीधे उसके ऊपर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
डीह थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि युवक नहर किनारे गया था, तभी आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले को प्राकृतिक आपदा की श्रेणी में दर्ज किया गया है।
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश, गरज-चमक और तूफान के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा नहर-तालाब के किनारे जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
