रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। शहर के व्यस्त बस स्टैंड रोड पर सोमवार को जलभराव और बदहाल सड़क व्यवस्था एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। दीवानी कचहरी गेट नंबर-2 के सामने सड़क पर भरे पानी में छिपे गहरे गड्ढे में एक ऑटो रिक्शा अचानक फंस गया और अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे बस स्टैंड की ओर जा रहा ऑटो जलभराव वाले हिस्से से गुजर रहा था। सड़क पर पानी भरा होने के कारण चालक को गड्ढे का अंदाजा नहीं लग सका। जैसे ही ऑटो गहरे गड्ढे में उतरा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल यात्रियों को बाहर निकालकर सहायता पहुंचाई।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर भरा पानी और उसकी जर्जर स्थिति साफ दिखाई दे रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बस स्टैंड और दीवानी कचहरी जैसे अति व्यस्त क्षेत्र में लंबे समय से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है।
बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से सड़क की मरम्मत और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।
