लेखपाल व प्रधान प्रतिनिधि पर मिलीभगत का आरोप, कार्रवाई न होने से दहशत में पीड़िता।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली/डलमऊ तहसील क्षेत्र की एक 80 वर्षीय वृद्ध महिला ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश तथा धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।प्रार्थिनी रामरती पत्नी स्वर्गीय नाथूराम निवासी पूरे पंडित मजरे धूरी परसना ने आरोप लगाया है कि उसके नाम लगभग सवा बीघा भूमि दर्ज है,
जिस पर उसने अपने रिश्तेदारों के रहने के लिए कमरे बनवाए थे। वृद्धा का कहना है कि 24 अगस्त को लेखपाल तथा कुछ अन्य लोग उसके यहां पहुंचे और निर्माणाधीन कमरों को जेसीबी मशीन से गिराने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
पीड़िता का आरोप है कि लेखपाल ने दोबारा 29 अगस्त को भी धमकी दी और कहा कि निर्माण को गिरा दिया जाएगा। वृद्धा ने बताया कि वह बीमार एवं असहाय है तथा लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत है। उसका कहना है कि भूमि विवाद का मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है, इसके बावजूद उस पर दबाव बनाया जा रहा है।
प्रार्थना पत्र में वृद्धा ने लेखपाल एवं प्रधान प्रतिनिधि पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसे जान-माल का खतरा है। उसने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, प्रकरण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
