जलभराव पीड़ितों के बीच पहुंचे एसडीएम, साथ बैठकर किया भोजन, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

शेल्टर होम में रह रहे परिवारों से की बातचीत, भोजन की गुणवत्ता स्वयं परखी।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली।विकासखंड अमांवा के लोधीपुर गांव में नहर ओवरफ्लो होने से उत्पन्न जलभराव की स्थिति के बाद राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है। मंगलवार को सदर एसडीएम गौतम सिंह ने शेल्टर होम पहुंचकर वहां रह रहे जलभराव प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया।

गौरतलब है कि सोमवार को गांव में अचानक पानी भर जाने से महिला एवं बच्चों समेत करीब 100 लोग प्रभावित हो गए थे। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी लोगों को सुरक्षित निकालकर जतुवा टप्पा स्थित शेल्टर होम में ठहराया, जहां उनके भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम गौतम सिंह ने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने शेल्टर होम में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता स्वयं जांची और प्रभावित लोगों के साथ बैठकर भोजन भी किया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए।

एसडीएम ने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार आकृति श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार हरिशंकर सिंह, खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts