रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 02 सितंबर। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पूरे तिलक मजरे बघेल में अत्यधिक जलभराव के कारण फंसे 32 लोगों को प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह ने बताया कि लगातार हो रही बारिश और जलभराव के चलते गांव के कई परिवार प्रभावित हो गए थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पहले से ही सतर्क था और करीब एक सप्ताह पूर्व क्षेत्र में नाव की व्यवस्था कर दी गई थी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही थी।उन्होंने बताया कि मंगलवार रात अचानक जलस्तर बढ़ने से कुछ घरों में पानी घुस गया,
जिसके बाद प्रशासनिक टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए जलभराव में फंसे करीब 32 लोगों को सकुशल बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
एसडीएम ने बताया कि सभी प्रभावित लोग सुरक्षित हैं और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन द्वारा क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है तथा राजस्व एवं अन्य विभागीय टीमों को मौके पर सक्रिय रहकर राहत कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जलभराव की स्थिति पर नजर रखते हुए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
