रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के अटरेहटा गांव निवासी स्वर्गीय श्याम सुंदर की पत्नी इंद्रावती पर विपत्तियों का पहाड़ टूट पड़ा है। करीब एक माह पूर्व उनका कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया था, जिससे उनका आशियाना पूरी तरह उजड़ गया। मकान ढहने के बाद से पीड़ित महिला खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर हैं, लेकिन घटना के एक माह बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई सरकारी सहायता या आर्थिक मदद नहीं मिल सकी है।
पति के निधन के बाद पहले से ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहीं इंद्रावती के लिए मकान गिरने की घटना ने परेशानियां और बढ़ा दी हैं। बरसात के मौसम में सिर छिपाने की जगह न होने से उन्हें रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। टूटी हुई दीवारों और मलबे के बीच उनका जीवन किसी तरह गुजर रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पीड़िता की स्थिति बेहद दयनीय है और प्रशासन को तत्काल उनकी मदद के लिए आगे आना चाहिए। गांव के लोगों ने भी शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पीड़िता को आवास योजना अथवा अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।पीड़ित महिला इंद्रावती ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा है।
कि उन्हें जल्द से जल्द आर्थिक सहायता और आवास योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि वह सुरक्षित छत के नीचे अपना जीवन फिर से शुरू कर सकें। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मदद नहीं मिली तो आगामी बारिश और मौसम की मार से उनकी परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
