तेज रफ्तार का कहर: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत, विहिप नेता समेत तीन घायल

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

डीह, रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र के भरतगंज चकपालों के पास गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री सनोरंजन प्रजापति, उनकी मासूम बेटी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, भरतगंज चकपालों के निकट दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर जा गिरे।

हादसे में एक बाइक सवार युवक आशीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री सनोरंजन प्रजापति, उनकी पुत्री तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क से हटाकर उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था की।

सूचना मिलने पर डीह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया।उधर, आशीष की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना का वास्तविक कारण क्या रहा, इसकी पड़ताल की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा उपायों की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावी यातायात व्यवस्था की मांग की है।

Related posts