गोदाम के बाहर ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। थाना क्षेत्र के लोधवामऊ गांव निवासी एक युवक की ट्रक की टक्कर से हुई मौत के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस को दी गई तहरीर में लोधवामऊ निवासी रामराजू पुत्र स्व. बाबादीन ने बताया कि उनका पुत्र सुमेर कुमार (24 वर्ष) बीते 28 मई 2026 की शाम करीब आठ बजे थुलवासा से मोटरसाइकिल संख्या UP33 AE 6077 से अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में शिव किशोर यादव के गोदाम के पास, जिसे किराये पर सोनू गुप्ता को दिया गया है, ट्रक संख्या UP33 AT 6786 से माल उतारा जा रहा था।

इसी दौरान ट्रक चालक ने वाहन को अचानक तेज गति और लापरवाही से मोड़ दिया, जिससे मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर लग गई।हादसे में सुमेर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक के पिता ने थाना महराजगंज में तहरीर देकर ट्रक चालक और वाहन मालिक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts