घर में घुसी पुलिस, युवक को ले जाने पर हंगामा; परिजनों से नोकझोंक का वीडियो वायरल

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। कोड़रा गांव में पुलिस की कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में पुलिसकर्मी एक युवक को उसके घर से पकड़कर ले जाने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि परिजन इसका विरोध करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।जानकारी के अनुसार मामला भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज स्थित कोड़रा गांव का है।

आरोप है कि महाराजगंज थाना क्षेत्र की थुलवासा चौकी पुलिस रास्ते के विवाद से जुड़े मामले में युवक के घर पहुंची थी। युवक को घर से बाहर ले जाने के प्रयास के दौरान परिजनों ने विरोध किया, जिसके बाद मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।युवक जितेंद्र कुमार यादव का आरोप है कि वह अस्वस्थ होने के कारण घर में आराम कर रहा था।

इसी बीच पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे और बिना किसी पूर्व सूचना के उसे जबरन साथ ले जाने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

जितेंद्र का कहना है कि उसका अपने चाचा से इंटरलॉकिंग को लेकर विवाद चल रहा है और उसी मामले में पुलिस दबाव बना रही है। उसने दावा किया कि संबंधित प्रकरण में वह न्यायालय की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर चुका है, इसके बावजूद कार्रवाई की जा रही है। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी की वर्दी पर नेम प्लेट अथवा पहचान संख्या नहीं लगी थी।

वायरल वीडियो में पुलिस और परिजनों के बीच तीखी बहस साफ दिखाई दे रही है। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और कार्रवाई के तरीके को लेकर स्थानीय स्तर पर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि मामले की वास्तविक स्थिति और कार्रवाई के कारणों को लेकर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है। पुलिस का बयान आने के बाद ही पूरे प्रकरण की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Related posts